‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत स्कूल वाहनों की होगी सघन जांच
बदायूं। स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर परिवहन विभाग की ओर से 14 से 19 सितंबर तक छह दिवसीय विशेष अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ चलाया जा रहा है। शासन के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में परिवहन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है।
अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन और उसकी नियमित बैठकें सुनिश्चित कराई जाएंगी। समिति में संबंधित तहसील के नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी और उपखंड निरीक्षक पदेन सदस्य होंगे। समिति की बैठक प्रत्येक वर्ष जुलाई, अक्टूबर, जनवरी और अप्रैल में आयोजित की जाएगी।
स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए चालक के अलावा परिचर की मौजूदगी अनिवार्य होगी। छात्राओं के सफर करने वाले वाहनों में महिला परिचर की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा बच्चों के साथ एक शिक्षक की मौजूदगी भी सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालय प्रबंधन को अपने स्वामित्व या अनुबंधित वाहनों के चालकों का पुलिस सत्यापन भी कराना होगा।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें विभिन्न मार्गों और विद्यालयों के आसपास स्कूली वाहनों की जांच करेंगी। बिना फिटनेस या नियमों के विपरीत संचालित पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान, सीज और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat