
बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं ओजोन परत के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने भाषण, पोस्टर निर्माण एवं जागरूकता रैली के माध्यम से ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने “ओजोन बचाएँ, पृथ्वी बचाएँ” और “पर्यावरण की रक्षा, हमारा कर्तव्य” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। रैली में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। पोस्टरों के माध्यम से बच्चों ने ओजोन परत के महत्व, प्रदूषण के दुष्प्रभाव तथा पृथ्वी को सुरक्षित रखने के उपायों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने बताया कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए प्राकृतिक सुरक्षा-कवच का कार्य करती है और सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी (UV) किरणों से जीवन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने, प्रदूषण कम करने और ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संदेश दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर वी. पी. सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। विद्यार्थियों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना आवश्यक है, क्योंकि यही बच्चे भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
विद्यालय के एम.डी. राहुल कुमार सिंह ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी पर जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता तभी सार्थक है, जब उसे अपने दैनिक व्यवहार में अपनाया जाए।
विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में एकेडमिक हेड सी.के. शर्मा, जूनियर कॉर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कॉर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कॉर्डिनेटर अनामिका सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पृथ्वी और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat