Breaking News

पीएम मोदी के जन्मदिवस पर बदायूं के नगला मंदिर में हुआ ‘दीर्घायु यज्ञ’, भाजपा नेताओं ने की उत्तम स्वास्थ्य की कामना

Spread the love

बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बदायूं स्थित प्रसिद्ध नगला मंदिर में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ‘दीर्घायु यज्ञ’ का आयोजन किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित कई प्रमुख नेताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां दीं और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
यज्ञ एवं पूजन के उपरांत भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के बीच पहुंच रहे हैं। नगला मंदिर में आयोजित यह दीर्घायु यज्ञ देश के प्रधान सेवक के स्वस्थ व दीर्घ जीवन के लिए ईश्वर से की गई सामूहिक प्रार्थना का प्रतीक है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके जन्मदिन को पूरे देश में सेवा और समर्पण के अवसर के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यज्ञ में आहुति देकर प्रभु से प्रार्थना की गई है कि प्रधानमंत्री सदैव ऊर्जावान रहकर देश का मार्गदर्शन करते रहें।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र और 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को ही अपने जीवन का सर्वोच्च ध्येय बनाया है। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य कर रहे हैं, ताकि इस दिन को और अधिक सार्थक बनाया जा सके।
इस धार्मिक आयोजन में संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह राठौर, जिला उपाध्यक्ष आशीष शाक्य, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान, महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री रजनी मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, युवा नेता शिवम सिंह एवं शकुंतला राठौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री की दीर्घायु का संकल्प दोहराया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस पर भाषण, पोस्टर प्रदर्शनी एवं जागरूकता रैली का आयोजन

Spread the love बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों …