बदायूं, 22 सितंबर। 69000 भर्ती के बीएड योग्यता धारक परिषदीय शिक्षकों ने छह माह के ब्रिज कोर्स में न्यूनतम उत्तीर्ण अंक की बाध्यता हटाकर इसे क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के रूप में संचालित किए जाने की मांग की। इस संबंध में जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, जिला सहसंयोजक प्रदीप कुमार एवं सोनी गुप्ता के नेतृत्व में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में शिक्षकों ने बताया कि 69000 भर्ती के तहत चयनित बीएड योग्यता धारक शिक्षक पिछले करीब छह वर्षों से प्राथमिक विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षकों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी की गई थी। वर्तमान में प्राथमिक स्तर पर कार्यरत बीएड शिक्षकों के लिए छह माह का ब्रिज कोर्स अनिवार्य किया गया है।
शिक्षकों ने मांग की कि ब्रिज कोर्स को किसी कठोर परीक्षा के रूप में न लेते हुए क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के तौर पर पूरा कराया जाए। साथ ही न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने की बाध्यता को हटाया जाए। शिक्षकों ने कहा कि इससे लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को मानसिक राहत मिलेगी और वे शिक्षण कार्य पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
ज्ञापन में महिला शिक्षकों के मातृत्व अवकाश और विशेष परिस्थितियों को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई। इस दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की विभिन्न ब्लॉक इकाइयों के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी तथा आदेश कुमार, प्रगति जैन, सचिन कुमार, हरिओम यादव, दुर्गेश कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat