Breaking News

दास कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान

Spread the love

स्लोगन, भाषण और कविता-पाठ से युवाओं ने दिया जागरूकता का संदेश

बदायूँ। स्थानीय नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास पी.जी. कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों के तत्वावधान में ‘नशा मुक्ति अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान स्लोगन, भाषण एवं कविता-पाठ जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत कर नशामुक्त समाज निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राध्यापकों ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देता है। स्वस्थ समाज की स्थापना के लिए युवाओं का जागरूक और व्यसनमुक्त होना नितांत आवश्यक है। इस अवसर पर हिंदी विभाग से डॉ. संदीप नायक, डॉ. गौरव रस्तोगी, डॉ. लक्ष्य चौधरी एवं डॉ. शैलेन्द्र कबीर तथा शिक्षाशास्त्र विभाग से डॉ. अर्चना विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
आयोजित प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। छात्रा साक्षी ने “थोड़ी-थोड़ी व्हिस्की, जीवन के लिए रिस्की” तथा “जन-जन का यही संदेश, नशा मुक्ति हो अपना देश” जैसे प्रभावशाली व प्रेरणादायक स्लोगन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया। वहीं छात्र अभिनव ने नशा मुक्ति पर केंद्रित भावपूर्ण कविता-पाठ कर सभी की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं संयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निहारिका गुप्ता एवं डॉ. अनमोल निधि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने आस-पास और समाज के हर वर्ग तक इस संदेश को पहुंचाकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों ने जीवन में कभी भी किसी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन न करने की शपथ ली।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

चोरी की हैरो के साथ दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

Spread the loveबदायूं। जरीफनगर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित चल रहे दो …