दो दिवसीय दौरे पर बदायूं आएंगे सांसद आदित्य यादव, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
4 और 5 नवंबर को संभल और बदायूं में रहेगा कार्यक्रम, जनता दरबार में सुनेंगे लोगों की समस्याएं
बदायूं। समाजवादी पार्टी के बदायूं सांसद आदित्य यादव 4 और 5 नवंबर को बदायूं एवं संभल जनपद के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पीडीए महासम्मेलन, वैवाहिक समारोह, जनता दरबार, पार्टी की मासिक बैठक सहित विभिन्न धार्मिक और विकास संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 11 बजे सांसद संभल जनपद की गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जिजौड़ा मढ़ी में आयोजित पीडीए महासम्मेलन में शामिल होंगे। इसका आयोजन गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव की ओर से किया जा रहा है। इसके बाद शाम सात बजे बदायूं के डायमंड मैरिज लॉन में वरिष्ठ सपा नेता फखरे अहमद शोबी के भतीजे के विवाह के उपलक्ष्य में आयोजित दावत-ए-वलीमा में शामिल होंगे।
वहीं, 5 नवंबर को सुबह नौ बजे सांसद अपने डीएम रोड स्थित आवास पर जनता दरबार लगाकर क्षेत्रवासियों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। दोपहर 12 बजे बिसौली विधानसभा क्षेत्र के प्रिंस पैलेस, पिंदारा रोड पर आयोजित समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में शामिल होकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
इसके बाद शाम चार बजे बदायूं विधानसभा क्षेत्र के गांव सोई स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर संत सेवा आश्रम में आयोजित श्री मारुतिनंदन महायज्ञ, रासलीला एवं श्रीरामलीला के दर्शन करेंगे। शाम पांच बजे नगर पालिका परिषद बदायूं में डोर-टू-डोर योजना का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के आयोजक पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक आबिद रजा हैं।
Budaun Amarprabhat