दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगी गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी
बदायूं के 3.85 लाख से अधिक परिवारों के खातों में भेजे जाएंगे 938.45 रुपये
बदायूं। दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा के तहत सब्सिडी दी जाएगी। जनपद के 3,85,719 उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को इसका लाभ मिलेगा। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 938.45 रुपये की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी।
मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के तहत सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण बदायूं के डायट ऑडिटोरियम में दिखाया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने 10 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक सब्सिडी चेक वितरित किए।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा, सलोनी पाठक सहित संबंधित अधिकारी और उज्ज्वला योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat