बिसौली। आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी प्रियंका गोयल की अध्यक्षता में तहसील टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी टीमें घर-घर जाकर शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करें। ईंट-भट्ठों, मलिन बस्तियों, घुमंतू परिवारों और दूरदराज के क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां लोगों को जागरूक करें कि वे अपने बच्चों को बूथ पर लाकर दवा जरूर पिलवाएं। जो परिवार दवा पिलाने में आनाकानी करते हैं उन्हें समझाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं का सहयोग लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रतिदिन शाम को कार्यों की समीक्षा की जाए और ‘बी-टीम’ के माध्यम से छूटे हुए बच्चों को कवर किया जाए। बैठक में चिकित्सा अधीक्षक बिसौली डॉ. जुनेद मेंहदी, कौशल शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक सैदपुर डॉ. विपिन वर्मा, रूपकिशोर, डॉ. गौरव गुप्ता, सीडीपीओ अल्पना जौहरी आदि उपस्थित थे।
Budaun Amarprabhat