Breaking News

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने किया मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का उद्घाटन, गंगा तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Spread the love

बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेला ककोड़ा श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। यहां गंगा स्नान करने से मन को शांति और आत्मिक संतुष्टि मिलती है। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और पवित्र भावनाओं के साथ मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं।

उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा ब्रज प्रदेश अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, जिलाधिकारी अवनीश राय, एसएसपी अंकिता शर्मा और सीडीओ गामिनी सिंगला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने भारत स्काउट संस्था की ओर से लगाए गए खोया-पाया शिविर का भी उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इनमें मत्स्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, सामाजिक वानिकी, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल निगम, दुग्ध विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल शामिल रहे। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

गंगा स्नान और पूजा-अर्चना में जुटे श्रद्धालु

मेला ककोड़ा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। सुबह तड़के ही श्रद्धालु अपने तंबुओं से निकलकर गंगा तट पर पहुंच गए। हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। कई श्रद्धालुओं ने कन्या भोज कराया तथा दान-दक्षिणा देकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। गंगा तट पर यज्ञ, कथा और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा को चुनरी अर्पित कर इलायचीदाना, बताशे और लड्डू का भोग लगाया। शंखध्वनि के बीच मां गंगा की आरती की गई।

शाम को विद्वान वेदाचार्यों द्वारा बनारस की तर्ज पर गंगा तट पर भव्य आरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां गंगा की आराधना की। मुख्य मार्ग और वीआईपी मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन हुआ, जहां संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ बाजारों में भी रौनक

मेला क्षेत्र में साधु-संतों की ओर से यज्ञ और कथाओं के आयोजन किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के साथ लोगों को ध्यान और मानसिक शांति से जोड़ने के लिए हार्टफुलनेस ध्यान साधना केंद्र भी संचालित है। विद्युत झालरों से सजे झूले बच्चों और बड़ों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मीना बाजार में महिलाओं और बच्चों की भीड़ दिखाई दी। लोगों ने चाट, पकौड़ी, बर्गर, जलेबी, खजला, पेठा और मूंगफली सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों का आनंद लिया। मीठे दूध की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने घरेलू उपयोग के लिए बक्से, छोटी अलमारियां और कंबल आदि की खरीदारी की। बच्चों और बड़ों के लिए ढोलक भी मेले में आकर्षण बनी हुई हैं।

गंगा के जल प्रवाह को लेकर श्रद्धालुओं ने जताई उम्मीद

मेले में गंगा के जल प्रवाह में कमी भी देखने को मिली। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने स्वच्छ मन और श्रद्धा के साथ गंगा स्नान किया। कई श्रद्धालुओं ने मेला प्रशासन से गंगा में जल प्रवाह बढ़ाने की व्यवस्था की उम्मीद जताई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही स्नान के दौरान सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

संभल में सनातन पदयात्रा के दौरान हंगामा, बैरिकेडिंग के पास पुलिस और संतों के बीच धक्का-मुक्की

Spread the loveसंभल। महंत ऋषिराज गिरि के नेतृत्व में निकाली जा रही सनातन पदयात्रा के …