उझानी। कृषि उत्पादन मंडी समिति की सचल दल टीम के साथ मारपीट और हमले में घायल सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार की मौत के मामले में थाना उझानी पुलिस ने कार्रवाई जारी रखते हुए सोमवार को एक और नामजद आरोपी तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व रविवार को भी पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत निरीक्षक अपराध राहुल सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को सहसवान रोड स्थित ईदगाह के पास से वांछित आरोपी फरमान पुत्र यासीन निवासी मोहल्ला खरीकवा, कस्बा व थाना सिकंदराबाद (जनपद बुलंदशहर) तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
उल्लेखनीय है कि बीती 20 नवंबर को मंडी समिति उझानी के सचिव रिंकूलाल कश्यप की टीम पर अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डाली थी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार की 21 नवंबर को बरेली मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। मामले में पुलिस अब तक कुल छह आरोपियों पर शिकंजा कस चुकी है।
Budaun Amarprabhat