अभिलेखों व सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
बदायूँ। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने सोमवार को थाना उघैती का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, संपूर्ण परिसर, भोजनालय, पुलिसकर्मियों के आवासीय बैरक, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क तथा थाने की राजकीय संपत्ति का गहनता से अवलोकन किया।
इस दौरान एएसपी ग्रामीण ने थाने के विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच करते हुए उनके रखरखाव और अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि थाना परिसर और कार्यालय में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित और समय पर अपडेट रखा जाए। साथ ही मालखाने में रखे माल मुकदमाती और अन्य सरकारी संपत्ति के सुरक्षित व उचित रखरखाव के निर्देश भी दिए।
महिला सुरक्षा और जनसुनवाई पर विशेष जोर देते हुए डॉ. कठेरिया ने कहा कि महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को पूरी संवेदनशीलता से सुना जाए और प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Budaun Amarprabhat