ईदगाह सहित जिलेभर की सभी मस्जिदों में अदा हुई ईद-उल-अजहा की नमाज़
अल्लाह की इबादत को सजदे में झुके हजारों सिर
आपस में गले मिलकर दिया मोहब्बत का पैग़ाम,मुल्क की सलामती की दुआ को एक साथ उठे हजारों हाथ
बदायूं। शनिवार को ईद उल जुहा पर ईदगाह शम्सी सहित ज़िले भर की ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की नमाज़ अदा कराई गई जहां नमाजियों ने नमाज अदा कर मुल्क व कौम की सलामती के लिए दुआ की। इमामों ने तकरीर पेश कर लोगों को इस्लाम से रूबरू कराते हुए नबी के बताए तौर तरीके पर चलकर अपनी जिंदगी बिताने को कहा। तकरीर में बताया मजहब ए इस्लाम ने सारी दुनिया को मोहब्बत का पैगाम देने का काम किया है। उन्होंने मुसलमानो से मुल्क और कौम की हिफाजत को आगे आने को कहा। नमाज़ के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद पेश की। देर रात तक लोगों का ईद की मुबारकबाद देने को एक दूसरे के घर आना जाना लगा रहा। वहीं घरों में महिलाओं ने विशेष पकवान बनाए और जमकर खुशी खुशी मेहमान नवाजी की। बच्चों को ईदी स्वरूप उपहार दिए गए।
मदरसा आलिया कादरिया में सुबह 5:45 बजे काज़ी ए ज़िला हजरत अतीफ मियां कादरी ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। इन्होंने नमाज़ से पहले तकरीर पेश करते हुए कहा कि मुसलमानों को अल्लाह के बताए रास्ते को नहीं छोड़ना चाहिए। हमें रसूल के हर पैगाम पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा हर मुसलमान को भाईचारा बढ़ाने में आगे आना चाहिए तभी देश और कौम की तरक्की हो सकती है। इस्लाम मोहब्बत और भाई चारे का संदेश देता है।
जामा मस्जिद शम्सी में सुबह 8:30 बजे इमाम हाफिज ताहिर हुसैन कादरी ने नमाज अदा कराई। नमाज़ के बाद खुतबा पेश किया और आखिर में उन्होंने मुल्क व कौम के तरक्की और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ कराई। उन्होंने अपनी तकरीर में कहा कि ईद मानते वक्त हमे अपने गरीब पड़ोसियों और गरीब रिश्तेदारों का विशेष ध्यान रखना चाहिए उनकी दिल खोलकर मदद को आगे आना चाहिए तभी सही मायनो में हमारी ईद मनेगी।
छोटे सरकार स्थित ईदगाह शम्सी में सुबह 9:30 बजे ईद की नमाज अदा करने बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई ईदगाह शम्सी के मैदान में पहुंचे। जहां ईदगाह शम्सी के शाही इमाम हजरत मौलाना अज़्जाम मियां कादरी ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई और खुतबा भी पढ़ा। जिसके बाद हजरत ने सभी लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क व कौम की सलामती के लिए सामूहिक दुआ की।
*पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने गले मिलकर दी मुबारकबाद*
पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा ने ईदगाह पर कैंप लगाकर लोगों को गले मिलकर ईद उल जुहा की मुबारकबाद दी।
*जामा मस्जिद व अन्य मोहल्लो में लगा मेला*
ईद उल अजहा के मौके पर जामा मस्जिद शम्सी के पास छोटा सा मेला लगा जिसमे बच्चों ने चरख में झूलकर लुत्फ उठाया तो किसी ने खिलौने और गुब्बारे खरीदे। टिक्की, चाट,पकौड़ी की भी मेले में खूब बिक्री हुई। इधर ईद के मौके पर मोहल्ला नई सराय व जालंधरी सराय में भी चरख आदि लगाए गए। जहां बच्चों की खासी भीड़भाड़ दिखी।
*चाक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था*
ईद-उल-अजहा के मद्देनजर सभी मस्जिदों और ईदगाह पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चप्पे चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। चौराहों और मुख्य मार्गों पर भी पुलिस बल सक्रिय रहा।
*डीएम व एसएसपी ने दी मुबारकबाद*
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद वासियों को ईदुल अजहा की मुबारकबाद दी। साथ ही ईद उल अजहा को प्रेमपूर्वक और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। इस मौके पर एडीएम प्रशासन, एसपी सिटी, नगर क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat