स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद, कनेक्शन बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बदायूं। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विद्युत विभाग और शिक्षकों के बीच विवाद सामने आया है। कुछ विद्यालयों के बिजली कनेक्शन काटे जाने की शिकायत पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
संघ के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने आरोप लगाया कि विद्युत कर्मियों की ओर से स्मार्ट मीटर लगवाने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन कटने से विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, ऑनलाइन शिक्षण, डिजिटल उपस्थिति और अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से मध्याह्न भोजन तैयार करने और शौचालयों के उपयोग में भी परेशानी हो रही है।
शिक्षक संघ ने मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और काटे गए बिजली कनेक्शन बहाल कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर शिक्षक आंदोलन करेंगे।
Budaun Amarprabhat