एचपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने किया नए संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मिले
बदायूं। एचपी इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों को एक ऐतिहासिक और ज्ञानवर्धक अवसर मिला जब विद्यालय द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण के तहत उन्हें भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था के सर्वोच्च केंद्र — नए संसद भवन का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नए संसद भवन की भव्यता को करीब से देखा और वहां की कार्यप्रणाली को समझने का मौका पाया।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने संसद भवन के पुस्तकालय, लोकसभा व राज्यसभा कक्ष, मीटिंग कक्ष और सेंट्रल हॉल का अवलोकन किया। सबसे खास पल तब आया जब विद्यार्थियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की। ओम बिरला ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संसदीय कार्यों, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही छात्रों ने श्रीलंका से आए डेलीगेशन से भी मुलाकात की और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर संवाद का अनुभव प्राप्त किया।
इस अनुभव से छात्र बेहद उत्साहित और प्रेरित दिखे। छात्रों ने कहा कि इस भ्रमण ने उन्हें किताबों से परे एक जीवंत अनुभव दिया, जो जीवनभर उनकी स्मृतियों में रहेगा।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री शिवम पटेल ने इस अवसर पर कहा, “हमारा उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक तक शिक्षा सीमित रखना नहीं है, बल्कि छात्रों को वास्तविक जीवन और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना है। संसद भवन का यह भ्रमण बच्चों के लिए प्रेरणादायी और ऐतिहासिक अनुभव साबित होगा।”
वहीं, प्रधानाचार्य श्री संदीप पांडे ने कहा, “इस भ्रमण ने छात्रों को राष्ट्र की संसद की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर दिया। हमें विश्वास है कि ऐसे अवसर छात्रों में जागरूक नागरिक बनने की नींव मजबूत करेंगे और उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करेंगे।”
विद्यालय प्रबंधन ने इस शैक्षणिक यात्रा को बच्चों के समग्र विकास और लोकतंत्र की समझ को गहराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Budaun Amarprabhat