सहसवान: एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
नगर के मोहल्ला कटरा निवासी उमलेश ने बताया कि उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सोनू पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम पूठरी, थाना गुन्नौर जिला संभल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद पति सोनू और अन्य ससुराली दहेज में मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे लगातार प्रताड़ित किया। पांच अक्टूबर सुबह करीब 11 बजे सभी ने मिलकर उसे कमरे में बंद कर लात-घूंसों, डंडों और बेल्ट से बुरी तरह पीटा और घर से निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि अगर बिना दहेज के घर लौटी तो जिंदा जला देंगे। मायके वालों ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहे। लगातार उत्पीड़न से परेशान विवाहिता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संवाददाता डाo राशिद अली खान सहसवान बदायूं।
Budaun Amarprabhat