—
दिल्ली धमाके के जिम्मेदार लोगों को मिले कड़ी सजा : खिज़र अहमद
घटना बेहद दर्दनाक और अमानवीय : शम्स
दिल्ली की घटना दुर्भाग्यपूर्ण : सी.पी. सिंह
बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संरक्षित एवं जेल मैनुअल के अंतर्गत कार्यरत उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति, लखनऊ की इकाई जिला अपराध निरोधक कमेटी बदायूं के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को छोटे सरकार रोड, हज़रत सह विलायत गेट के पास एकत्र होकर दिल्ली विस्फोट की घटना की कड़ी निंदा की। इस दौरान उन्होंने मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जिला सचिव एवं पदेन जेल अधीक्षक मुहम्मद शमसुद्दीन शम्स ने कहा कि यह हमला केवल निर्दोष नागरिकों पर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता पर सीधा प्रहार है। उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक और अमानवीय बताया और कहा कि अब समय है कि हम सभी सतर्क रहें। उन्होंने समिति सदस्यों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद खिज़र अहमद (पूर्व प्रधानाचार्य) ने कहा कि इस धमाके के जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उपसचिव सी.पी. सिंह (पूर्व प्रधानाचार्य) ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि ऐसे तत्व जो लोगों को भड़काकर देश की शांति भंग करते हैं, उनसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
वरिष्ठ सदस्य राम औतार मिश्रा ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने देशवासियों से शांति और एकजुटता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और देश की प्रगति के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
कार्यक्रम का संचालन अहमद नबी उर्फ भाई भाई ने किया।
श्रद्धांजलि देने वालों में मुहम्मद शमसुद्दीन शम्स, मोहम्मद खिज़र अहमद, सी.पी. सिंह, अंसार अली उर्फ गुड्डू, मीडिया प्रभारी इंतज़ार हुसैन, हाजी इमरान खान, राम औतार मिश्रा, आदिल हुसैन ज़करिया, तारिक अब्दुल्लाह, जबींदराज, शरीफ भाई आदि शामिल रहे।
– अमर प्रभात प्रतिनिधि
—
Budaun Amarprabhat