सहसवान (बदायूं)। पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर खेत पर काम कर रही महिला और उसके पुत्रों के साथ मारपीट व अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दबाव बनाने के उद्देश्य से महिला को बदनीयती से जमीन पर गिराकर उसके कपड़े फाड़ दिए गए। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद पुलिस ने महिला सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित का कहना है कि वह हरियाणा में रहकर मजदूरी करता है, जबकि उसकी पत्नी व बच्चे गांव में रहते हैं। कुछ समय पूर्व गांव के ही लोगों ने उसके खेत की मेड़ पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को काटकर नष्ट कर दिया था, जिसको लेकर उसने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश मानते हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे।
आरोप है कि 15 नवंबर की दोपहर करीब एक बजे पीड़ित की पत्नी अपने 14 और 12 वर्षीय पुत्रों के साथ खेत पर ट्रैक्टर से मिट्टी खिंचवा रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और गालियां देते हुए मुकदमा वापस लेने को कहा। विरोध करने पर महिला व उसके पुत्रों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया।
महिला का जेठ बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान महिला को बदनीयती से दबोचकर जमीन पर गिरा लिया गया और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। शोरगुल सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग एकत्र हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित द्वारा कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने राम बहादुर, कालीचरन, नेमपाल, सुगढ़पाल, शिवकुमार, पीतू, सचिन और मायादेवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संवाददाता: डॉ. राशिद अली खान
स्थान: सहसवान, बदायूं
Budaun Amarprabhat