Breaking News

बिसौली में उषा कंपनी के नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान की बिक्री का खुलासा, भारी मात्रा में उपकरण बरामद

Spread the love

संवाददाता: आईएम खान बिसौली

बिसौली नगर में नामी कंपनी के नाम पर नकली इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। टंकी रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान एवं उससे जुड़े गोदाम पर छापेमारी कर पुलिस ने उषा इंटरनेशनल लिमिटेड के नाम से बिक रहे भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए हैं। कार्रवाई से नगर में हड़कंप मच गया है।

मामला स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी दीप सिंह की शिकायत पर सामने आया। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

बताया गया कि 17 दिसंबर को थाना क्षेत्र के बाजार का सर्वे किया गया था, जिसमें एक दुकानदार द्वारा उषा कंपनी के नकली सामान का भंडारण एवं बिक्री किए जाने की जानकारी मिली। इस संबंध में थाना प्रभारी को अवगत कराया गया। इसके बाद टीपू सिंह एवं उनकी टीम ने शाम करीब 6:30 बजे पुलिस बल के साथ कस्बा स्थित तहसील के पीछे बने गोदाम व दुकान पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उषा कंपनी के नाम से लगे नकली होलोग्राम सहित 27 मिक्सर ग्राइंडर, 20 प्रेस, 33 अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 18 ग्राउंड कंपनी के होलोग्राम एवं 30 उषा कंपनी के नकली होलोग्राम बरामद किए।

जांच में पाया गया कि सभी उत्पादों के डिब्बों पर उषा कंपनी के नकली होलोग्राम लगे हुए थे। पुलिस ने बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर थाने में सुपुर्द किया, जिसे बतौर नमूना सील कर सुरक्षित रखा गया है। मामले में संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट की धारा 63/65 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार बिसौली क्षेत्र में इस तरह के फर्जीवाड़े में अन्य दुकानदारों की संलिप्तता से भी इंकार नहीं किया जा रहा है, जिसकी जांच जारी है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जड़ी-बूटियों की खुशबू संग फ्यूचर लीडर्स स्कूल में सजी ‘हरित होली’, आध्यात्मिक अंदाज़ में हुआ आगाज़

Spread the love बिल्सी। रंगों और खुशियों के महापर्व होली का आगाज़ फ्यूचर लीडर्स स्कूल …

error: Content is protected !!