संवाददाता
नोएडा। महानगर नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना फेज-3 क्षेत्र में ऑफिस से घर लौट रही एक युवती के साथ कैब चालक द्वारा अपहरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी चालक ने न केवल निर्धारित रूट बदल दिया, बल्कि युवती का मोबाइल छीनने की भी कोशिश की। हालात बिगड़ते देख युवती ने चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार पीड़िता सेक्टर-68 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। 30 नवंबर की रात करीब 11:40 बजे वह ऑफिस से घर जाने के लिए कैब बुक कर निकली थी। रास्ते में चालक ने तय रूट छोड़कर गाड़ी दूसरी दिशा में मोड़ दी। जब युवती ने इसका विरोध किया तो चालक ने बदसलूकी शुरू कर दी और मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए युवती ने साहस दिखाया और चलती कार से छलांग लगा दी, जिससे उसे चोटें आईं, लेकिन उसकी जान बच गई। घटना के बाद पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि शुरुआत में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और उन्हें थाने के चक्कर लगाने पड़े। बाद में दबाव के बाद मामला दर्ज किया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह घटना एक बार फिर रात के समय कैब सेवाओं और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Budaun Amarprabhat