Breaking News

लाइसेंस शुल्क लागू करने की तैयारी पर भड़के व्यापारी, नगर निगम कार्यालय पर जताया विरोध

Spread the love

संवाददाता: गोविंद देवल

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में नगर निगम प्रशासन द्वारा लाइसेंस शुल्क व्यवस्था लागू किए जाने की तैयारियों की खबर सामने आते ही व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के नेतृत्व में शुक्रवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने लालबाग स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर सुषमा खर्कवाल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया।

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पिछले वर्ष भी नगर निगम द्वारा लाइसेंस शुल्क व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव लाया गया था, जिसका राजधानी के व्यापारियों और संगठन ने जोरदार विरोध किया था। उस दौरान व्यापारियों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा सहित महापौर से मिलकर आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके बाद लाइसेंस शुल्क व्यवस्था लागू न करने का आश्वासन दिया गया था।

व्यापारियों का कहना है कि एक वर्ष बाद फिर से समाचार पत्रों के माध्यम से लाइसेंस शुल्क लागू करने की कोशिश की जानकारी मिल रही है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क या टैक्स लगाया जाना अनुचित है और यह जीएसटी की मूल अवधारणा के विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के किसी अन्य शहर में इस तरह की व्यवस्था लागू नहीं है।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना और ज्ञापन स्वीकार करते हुए उनके हितों की रक्षा का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ शीघ्र ही एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि इस समस्या का स्थायी और समुचित समाधान निकाला जा सके। महापौर ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो राजधानी की बाजारों को बंद कराकर आंदोलन किया जाएगा और किसी भी कीमत पर लाइसेंस शुल्क व्यवस्था को लागू नहीं होने दिया जाएगा।

ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष मो. अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष शेखर कुमार, नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव, अंशू श्रीवास्तव, धर्मेंद्र साहू, मसीह उज्ज़मा गांधी, गौस अहमद, हुसेनगंज आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा, नितिन गुप्ता, उत्तर प्रदेश आदर्श लैब ऑनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. सुफल वर्मा, महामंत्री डी.के. तिवारी, उत्तर प्रदेश आदर्श टेंट, केटरिंग एवं डेकोरेशन व्यापार मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्त, संजीव सिंह, जितेंद्र कुमार, नाका गणेशगंज आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष तस्लीम कुरैशी, अभय अग्रवाल, यश सिंह, लवलेन मार्केट अध्यक्ष मून कमर सहित अवध पेट फूड एंड सेलर्स ब्रीडर ट्रेड बोर्ड के पदाधिकारी नीरज मूलचंद्र, नितिन राठौर, गौरव बाजपेई और विनीत सिंह मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

गन्ना आपूर्ति नहीं हुई तो 6 मार्च से बंद हो जाएगी शेखूपुर चीनी मिल

Spread the loveबदायूं (संवाददाता गोविंद देवल)। किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड शेखूपुर के प्रधान प्रबंधक …

error: Content is protected !!