Breaking News

केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने की सहभागिता, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

Spread the love

ग्राम पुठी सराय में सैकड़ों लोगों को किए गए निशुल्क हेलमेट वितरित

संवाददाता: गोविंद देवल

बदायूं। सदर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने शनिवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र बदायूं के ग्राम पुठी सराय में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल करते हुए सैकड़ों मोटरसाइकिल चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सहभागिता की।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के ग्राम पुठी सराय पहुंचने पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता, भाजपा पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता द्वारा हेलमेट वितरण का यह अभियान अत्यंत सराहनीय है। इससे पूर्व भी हरिबोल सेवा समिति के माध्यम से हजारों लोगों को हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं, लेकिन दुख की बात यह है कि लोग अभी भी हेलमेट का प्रयोग कम कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि हेलमेट को जीवन रक्षक मानते हुए जब भी मोटरसाइकिल से बाहर निकलें, अवश्य पहनें, ताकि स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से वह लगातार दूसरी बार केंद्र सरकार में मंत्री बने हैं और उनका प्रयास है कि जनपद बदायूं के विकास के लिए अधिक से अधिक कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि भले ही उन्हें देशभर में जाना पड़ता है, लेकिन बदायूं उनका घर है और यहां के प्रत्येक कार्यक्रम में सहभागिता करना उनका दायित्व है। उन्होंने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और विश्व पटल पर भारत का सम्मान बढ़ा है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ दिन पूर्व इसी गांव के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिससे उनका हृदय व्यथित हो उठा। अगले दिन समाचार पत्र में पढ़ा कि यदि दोनों ने हेलमेट पहना होता, तो उनकी जान बच सकती थी। उसी दिन उन्होंने संकल्प लिया कि हरिबोल सेवा समिति के माध्यम से अपनी विधानसभा के प्रत्येक गांव में निशुल्क हेलमेट वितरित करेंगे, ताकि किसी भी बेटे को हेलमेट के अभाव में अपनी जान न गंवानी पड़े।
उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब-जब उन्होंने सहयोग मांगा, मंत्री जी ने हर अवसर पर उनका साथ दिया। विधायक ने मोटरसाइकिल चालकों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे बिना हेलमेट के बाहर नहीं निकलेंगे। साथ ही मातृशक्ति से भी अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।
अंत में सैकड़ों लोगों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सोवरन सिंह राजपूत, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल पटेल, अंकित मौर्य, धीरेंद्र सिंह, रामचरण पाल, संदीप सिंह, सुखेंद्र सिंह, प्रधान वीर सिंह, ऋषिपाल सिंह, सत्यवीर सिंह, पंकज गुप्ता, संजीव गुप्ता, खयाली राम मौर्य, सोनू सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बिल्सी वृद्ध आश्रम में होली पर्व पर हवन कार्यक्रम आयोजित

Spread the loveबिल्सी वृद्ध आश्रम में होली पर्व पर हवन कार्यक्रम आयोजित ऋषि आश्रम शुभ …

error: Content is protected !!