
संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बृहस्पतिवार को पीएम सुरक्षा मातृत्व अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 25 से अधिक गर्भवती महिलाओं का चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जयश्री शर्मा ने गर्भवती महिलाओं को सर्दी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ नवजात शिशुओं का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो।
डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्तमान में ठंड का मौसम चल रहा है, जिसमें थोड़ी सी लापरवाही भी गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। सर्दी के कारण सर्दी-जुकाम, निमोनिया सहित अन्य संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, जिससे मां और बच्चे दोनों को नुकसान हो सकता है।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं को गर्म कपड़े पहनने, संतुलित आहार लेने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा नवजात शिशुओं को ठंड से बचाने के उपाय अपनाने की सलाह दी। साथ ही नवजातों को खुले वातावरण की ठंड से बचाकर रखने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और किसी भी परेशानी पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की।
इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने भी महिलाओं को सर्दी के मौसम में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। शिविर में सुमन शर्मा, अमृता पाल, शशिबाला सहित कई स्टाफ नर्स मौजूद रहीं।
Budaun Amarprabhat