बदायूँ। संवाददाता गोविंद देवल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद में वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीमों ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
थाना कुंवरगांव पुलिस ने दिनांक 08 जनवरी 2026 को थाना कुंवरगांव पर पंजीकृत मु0अ0सं0-02/2026 धारा 137(2)/87 बीएनएस में वांछित चल रहे अभियुक्त शिवम पुत्र देवेन्द्र यादव, निवासी ग्राम गरूईया थाना कुंवरगांव जनपद बदायूँ को गंगा एक्सप्रेसवे के हरनाथपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया।
इसी क्रम में थाना बिल्सी पुलिस ने मु0अ0सं0-003/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त साहिब पुत्र दिलशाद, निवासी मोहल्ला जालन्दरी सराय थाना कोतवाली बदायूँ को जालन्दरी सराय चौराहा से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त साहिब के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
वहीं थाना कादरचौक पुलिस ने थाना कादरचौक पर पंजीकृत मु0अ0सं0-366/2025 धारा 137(2)/64(2)M बीएनएस व 5L/6 पाक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त प्रवीन कुमार पुत्र रामसनेही, निवासी ग्राम निविया थाना सिकन्दरपुर वैश्य जिला कासगंज को गिरफ्तार किया। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
Budaun Amarprabhat