लखनऊ/गाजीपुर। जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सदर विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह खुशबू ने ग्राम सभा लोनेपुर पहुंचकर आमजन की समस्याएं पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसंवाद के दौरान ब्लॉक स्तर की समस्याएं, बिजली-पानी, स्वास्थ्य एवं प्रशासन से जुड़े कई अहम मुद्दे सामने आए, जिन पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर एक गंभीर परिचर्चा भी आयोजित की गई। परिचर्चा के मुख्य वक्ता यादव महासभा एवं पिछड़ा दलित विकास महासंघ गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘साइकिल’ रहे। उन्होंने शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित करना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है, क्योंकि यही बच्चे आने वाले समय में समाज के सुधारक बनेंगे।
परिचर्चा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने विचार रखे। वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, तभी स्थायी समाधान संभव हो सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सदर विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह खुशबू का सैकड़ों लोगों ने मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव जनहित, पर्यावरण संरक्षण और कानून के दायरे में रहकर निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध रही है। जनसंवाद जैसे कार्यक्रम जनता और नेतृत्व के बीच सेतु का कार्य करते हैं और समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर सेक्टर प्रभारी सिहासन यादव, जिला पंचायत प्रत्याशी अभिषेक यादव बिट्टू, ग्रामसभा बाघी के पूर्व प्रधान अशोक यादव, अजय यादव, बूथ अध्यक्ष टुन्नू यादव, कार्यक्रम संयोजक रीता सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat