उघैती | बदायूं
थाना उघैती क्षेत्र के कस्बा उघैती में सर्राफा दुकान से हुई चोरी व टप्पेबाजी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवर, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
बताया गया कि 23 नवंबर 2025 को कस्बा उघैती स्थित एक सर्राफ की दुकान से चोरी और टप्पेबाजी की घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना उघैती पर मुकदमा संख्या 242/25 धारा 305(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिल्सी संजीव कुमार के नेतृत्व में थाना उघैती पुलिस टीम ने मंगलवार 13 जनवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को थाना इस्लामनगर बॉर्डर करनपुर रोड से गिरफ्तार किया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के कब्जे से सर्राफा दुकान से चोरी व टप्पेबाजी किए गए—
मर्दाना सोने की 3 अंगूठियां
जनाना सोने की 1 अंगूठी
नाक की सोने की 3 बेशर
मंगलसूत्र के छोटे-बड़े 5 पेंडल
1150 रुपये नकद
घटना में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल (काले रंग की)
बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
अभियुक्त का नाम-पता
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम विवेक शर्मा पुत्र विनोद कुमार शर्मा निवासी ग्राम जौहरपुर थाना सीबीगंज, जनपद बरेली है। वर्तमान में वह दुर्गाधाम कॉलोनी, थाना चंदौसी, जनपद संभल में रह रहा था।
लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक विवेक शर्मा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट सहित 22 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें संभल, रामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली और देहरादून के कई थानों में दर्ज गंभीर मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को थाना उघैती प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Budaun Amarprabhat