संवाददाता गोविन्द देवल
बिल्सी।
नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम “My India, My Vote” के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज के लोगों को मतदान के महत्व और लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक रंगोलियां और प्रभावशाली पोस्टर बनाकर सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने “My India, My Vote”, “मेरा वोट, मेरी ताकत” और “सशक्त भारत के लिए मतदान” जैसे संदेशों के माध्यम से यह दर्शाया कि एक-एक वोट देश के भविष्य को तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा कर्तव्य भी है। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारी को विकसित करती हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक के मत से जुड़ी हुई है। ‘My India, My Vote’ थीम के माध्यम से कम उम्र से ही विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। जब हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा, तभी एक मजबूत और सशक्त लोकतांत्रिक भारत का निर्माण संभव होगा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने और भविष्य में मतदान के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat