संवाददाता: गोविंद देवल | उझानी रोड
उझानी रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्राओं के विदाई सम्मान में भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल उत्साह, अपनत्व और भावनाओं से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात जूनियर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें नृत्य, गीत एवं नाटक शामिल रहे। इसके साथ ही विभिन्न खेलों एवं रोचक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शीबा खान ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों की प्रयोगशाला है। उन्होंने छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ जिम्मेदारी, सहयोग और मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने पर गर्व व्यक्त किया। साथ ही कहा कि आने वाला जीवन चुनौतियों से भरा होगा, लेकिन परिश्रम, ईमानदारी और आत्मविश्वास से हर कठिनाई पर विजय पाई जा सकती है। असफलता से घबराने के बजाय उसे सफलता की सीढ़ी समझना चाहिए।
विद्यालय की उप प्रधानाचार्या डॉ. दीपशिखा पंत ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि जीवन की नई यात्रा में वे सदैव खुशहाल, स्वस्थ और सफल रहें।
फेयरवेल के दौरान छात्राओं को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। सीनियर छात्राओं ने अपने स्कूल जीवन की मधुर यादें साझा करते हुए शिक्षकों और मित्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मिस एमपीएस का खिताब नव्या साहू एवं वजीहा को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज एवं फोटो सेशन के साथ हुआ। यह फेयरवेल समारोह सभी के लिए यादगार रहा और छात्राओं के हृदय में एक अविस्मरणीय स्मृति के रूप में लंबे समय तक संजोया जाएगा।
Budaun Amarprabhat