बदायूँ। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में 50 लाख रुपए से अधिक लागत वाली भवन, सड़क और अन्य निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति, उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन, जिला पोषण मिशन और पशु पालन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
डीएम ने अधिकारियों को अधूरे निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने, रैंकिंग में सुधार करने और विभागीय कार्यों की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करें और प्राप्त धनराशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें।
पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि सड़कों पर निराश्रित गोवंश नहीं दिखना चाहिए और सभी गोवंशों का संरक्षण शासन की मंशा के अनुरूप किया जाए। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य प्रदर्शन घटक (केपीआई) पर विशेष ध्यान देने और रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।
जिला पोषण मिशन की समीक्षा में डीएम ने सीडीपीओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों का वजन और लंबाई मापने की मशीन उपलब्ध है या नहीं, इसकी जानकारी नियमित रूप से खंड विकास अधिकारियों को दें। इसके साथ ही बच्चों का वजन और लंबाई मापना आने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना, पीएम कुसुम योजना, फैमिली आईडी, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति और शादी अनुदान योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य अगले एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अनुसार जनपद ने विकास कार्यों में 36वीं, राजस्व कार्यों में 21वीं और संयुक्त रूप से 28वीं रैंक हासिल की है। कुल 85 कार्यक्रमों में से 65 में ए रैंकिंग, 5 में बी, 3 में सी और 4 में डी रैंकिंग प्राप्त हुई है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. समदर्शी सरोज ने ब्लॉक और नगर निकायों में निर्माणाधीन स्थाई गौशाला और कान्हा गौशाला की स्थिति और जनपद के नगर निकायों में 270 व विकासखण्डों में 5129 गौवंश के विवरण से अवगत कराया।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक निदेशक सूचना, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat