संवाददाता : आई एम खान, बिसौली
बिसौली। क्षेत्र के मई-बसई स्थित रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज में ‘आज’ से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा से पूर्व केंद्र व्यवस्थापक डॉ. घनश्याम दास ने परीक्षा सहायकों, आंतरिक सचल दस्ते और कक्ष निरीक्षकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में माध्यमिक शिक्षा परिषद से प्राप्त निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक ने सभी ड्यूटी कर्मियों को समय से पूर्व उपस्थित रहने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इधर परीक्षा से पहले अपनी सीट की स्थिति जानने के लिए छात्रों और अभिभावकों की भारी भीड़ केंद्र पर उमड़ रही है। किसी भी प्रकार के असमंजस से बचने के लिए विद्यालय प्रशासन ने किस कक्ष में किस अनुक्रमांक से किस अनुक्रमांक तक परीक्षार्थी बैठेंगे, इसकी सूची केंद्र के मुख्य द्वार पर चस्पा कर दी है।
डॉ. घनश्याम दास ने बताया कि इससे परीक्षार्थियों का तनाव कम होगा और परीक्षा दिवस पर अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशानुसार अच्छे माहौल में निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा कराना उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार (विपणन निरीक्षक बदायूं), बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, सचल दल प्रभारी रामाधार शर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat