Breaking News

जिला पंचायत बोर्ड बैठक में 52.60 करोड़ के बजट को मंजूरी

Spread the love

कुंवरगांव में गौशाला निर्माण को भूमि देने पर सहमति, सभागार शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
जिला पंचायत बदायूं बोर्ड की बैठक मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष वर्षा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, प्रमुख क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत सदस्यगण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन (पर्यवेक्षक) अरुण कुमार तथा जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रस्ताव सं0-01 के तहत गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि सदन द्वारा सर्वसम्मति से की गई। प्रस्ताव सं0-02 में पुनरीक्षित बजट वर्ष 2025-26 (₹52 करोड़ 56 लाख) एवं मूल बजट वर्ष 2026-27 (₹52 करोड़ 60 लाख) पर चर्चा के बाद सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
प्रस्ताव सं0-03 के अंतर्गत आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सड़कों की मांग से संबंधित आवेदनों पर विचार किया गया। निर्णय लिया गया कि प्राप्त मार्गों का सर्वे कराकर जनहित में उपयोगी सड़कों को संबंधित सदस्यों से प्रस्ताव प्राप्त कर आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।
प्रस्ताव सं0-04 के तहत विभिन्न विभागों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं, जिन पर संबंधित अधिकारियों ने शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष की अनुमति से अपर मुख्य अधिकारी द्वारा कुंवरगांव स्थित जिला पंचायत की भूमि गाटा संख्या-1064 को गौशाला निर्माण हेतु नगर पंचायत कुंवरगांव को शासनादेश एवं जिला पंचायत नियमावली के तहत दिए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
इसके अतिरिक्त जिला पंचायत सभागार का आवंटन शुल्क कम होने के कारण उसे ₹2500 से बढ़ाकर ₹5000 किए जाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकृत हुआ।
बैठक के अंत में सदस्यों ने अध्यक्ष वर्षा सिंह के कार्यकाल की सराहना की। अध्यक्ष ने सभी सदस्यों, प्रमुखों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की। इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी विनोद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बिल्सी में होली के अवसर पर प्राचीन शिव शक्ति भवन में बाबा महाकाल का भव्य श्रृंगार

Spread the love अबीर-गुलाल और सुगंधित फूलों से किया गया दिव्य सजावट का आयोजन बिल्सी। …

error: Content is protected !!