आईजीआरएस पोर्टल पर उसी दिन अपलोड होंगी शिकायतें, डीएम के सख्त निर्देश
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
जनता दर्शन में आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जनपद बदायूं में प्रभावी व्यवस्था लागू कर दी गई है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक कार्यालय में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्तर से शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आईजीआरएस पोर्टल संचालित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का जिला स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा। किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निर्देश दिए गए हैं कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों को उसी दिन आईजीआरएस पोर्टल पर अंकित/अपलोड किया जाए। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि शिकायतकर्ता को निर्धारित समयावधि में संतोषजनक एवं तथ्यात्मक आख्या उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी प्रकरण में स्थलीय निरीक्षण अथवा जांच आवश्यक हो तो नियमानुसार जांच कराकर निस्तारण किया जाए।
साथ ही प्रत्येक विभाग को निर्देशित किया गया है कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों के लिए निर्धारित प्रारूप पर पंजीका संधारित की जाए, जिसमें शिकायतकर्ता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, प्रार्थना पत्र प्राप्ति तिथि, संबंधित विभाग/अधिकारी का नाम तथा निस्तारण का विवरण अंकित किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि किसी विभाग की शिथिलता या अनुचित कार्यशैली से यदि जनपद की रैंकिंग प्रभावित होती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat