बदायूं | संवाददाता गोविंद देवल
होली, ईद और अन्य आगामी त्योहारों के मद्देनजर महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘इनफिनिटी लाइफ स्टाइल’ के तहत नगर के आर के रिसोर्ट में भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक चली इस प्रदर्शनी में नगर सहित अन्य शहरों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रदर्शनी में महिलाओं ने सजावटी सामान, ज्वेलरी, कपड़े, शूज, पर्स, हस्तशिल्प और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल लगाए। सभी उत्पाद उचित दामों पर उपलब्ध कराए गए, जिन्हें ग्राहकों ने काफी सराहा। नगर की महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति से पूरे दिन प्रदर्शनी स्थल पर रौनक बनी रही।
आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण की भावना के अनुरूप आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को स्वदेशी उत्पादों के अधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करना और उन्हें मजबूत व्यवसायी के रूप में स्थापित करना रहा। आयोजन की संयोजक रिचा अशेष, ज्योति शर्मा और रिया ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर ब्लूमिंग डेल स्कूल की निदेशक पम्मी मेहंदीरत्ता और सौंदर्य विशेषज्ञ मणि गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आयोजक रिचा अशेष ने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने हुनर को पहचान दिला सकें। महिला उद्यमी खुशबू गुप्ता ने बताया कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और ग्राहकों को एक ही स्थान पर उच्च गुणवत्ता के परिधान एवं उपयोगी वस्तुएं वाजिब दामों पर मिल जाती हैं।
वहीं महिला व्यवसायी रीता गुप्ता ने कहा कि हस्तशिल्प वस्तुओं के प्रदर्शन के लिए यह मंच प्रभावी माध्यम है, जो महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार करता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
प्रदर्शनी में रीतिका गुप्ता, किमी रस्तोगी, दीप्ति कटारिया, नितिका अग्रवाल, शशि आहूजा, नम्रता रस्तोगी, नीति शर्मा, सिमरन नारंग सहित 35 से अधिक महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाकर ग्राहकों का विश्वास जीता।
Budaun Amarprabhat