Breaking News

होली-रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, परंपरागत ढंग से पर्व मनाने पर जोर

Spread the love

बदायूं | संवाददाता गोविंद देवल

होली पर्व एवं रमजान को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन ग्राउंड स्थित सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार परंपरागत तरीके से मनाए जाएं और कोई नई परंपरा शुरू न होने दी जाए। वक्ताओं ने कहा कि होली आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जनपद में पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी होली और रमजान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर को नामित किया गया है। संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी असामाजिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि वे आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 प्रभावी है, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। आबकारी विभाग को अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने, ओवररेटिंग तथा जहरीली शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए।
नगर निकाय एवं पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन मार्गों पर होली जलाई जाती है, उनका पूर्व निरीक्षण कर गड्ढों आदि की मरम्मत सुनिश्चित की जाए। जिला चिकित्सालय सहित अन्य अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को झूलते एवं लटकते तारों को दुरुस्त कराने तथा अग्निशमन विभाग को पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विधवा पेंशनधारक महिलाएं प्राथमिकता से बनवाएं फैमिली आईडी, जल्द कार्यालय में करें जमा

Spread the loveबदायूं। जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार ने जनपद की निराश्रित महिला पेंशन (विधवा …

error: Content is protected !!