Breaking News

14 व 15 मार्च को होगी एसआई भर्ती परीक्षा, 17,280 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Spread the love


डीएम ने अधिकारियों को दिए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के निर्देश
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ के निर्देशानुसार आरक्षित नागरिक पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा जनपद में 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिन दो-दो पालियों में कराई जाएगी।
प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक पाली की परीक्षा अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है। हर पाली में 4320 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि दोनों दिन की चारों पालियों में कुल 17,280 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए नामित अधिकारी व कर्मचारी विभिन्न परीक्षा केंद्रों, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा अन्य निर्धारित स्थलों पर तैनात रहेंगे। साथ ही सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कलेक्ट्रेट स्थित आईसीसीसी कंट्रोल रूम से लगातार की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, पहचान पत्र की जांच, मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रोडवेज बस स्टैंड और पुलिस लाइन चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष प्रबंध किए जाएंगे, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
जनपद में परीक्षा के लिए 15 विद्यालयों व महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय, हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज उझानी, एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज, नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज, पीएम राजकीय इंटर कॉलेज, पीएम राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, राजकीय महिला महाविद्यालय, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज और सिगलर गर्ल्स इंटर कॉलेज शामिल हैं।
इन केंद्रों पर परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त दो सेक्टर और दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में भी रखे गए हैं।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम प्रशासन सहित अन्य मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूं रेलवे स्टेशन पर मोबाइल छिनतई का आरोपित गिरफ्तार

Spread the loveथाना सिविल लाइन पुलिस ने वांछित आरोपी को मोबाइल के साथ न्यायालय में …

error: Content is protected !!