मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्राओं और महिला पुलिस का जोश, अफसरों ने कहा—अब हर बेटी बनेगी निर्भीक और आत्मनिर्भर
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। जनपद में शनिवार को महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश शासन के “मिशन शक्ति कार्यक्रम” फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आयोजित ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ कार्यक्रम में बदायूं की सड़कों पर नारी शक्ति का जोश उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों और स्कूली छात्राओं ने दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने उत्साह से माहौल को ऊर्जा से भर दिया।
दौड़ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ पूरी कर यह साबित कर दिया कि आज की नारी हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजित जागरूकता सत्र में बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, डायल 112 समेत विभिन्न सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत यह आयोजन केवल दौड़ नहीं, बल्कि महिलाओं को निडर और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने का मजबूत माध्यम है।
इस मौके पर महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह, यातायात प्रभारी रामलड़ैते राजपूत सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
संदेश साफ:
👉 जब नारी सशक्त होगी, तभी समाज और राष्ट्र मजबूत होगा!
Budaun Amarprabhat