सुंदरकांड पाठ से हुआ शुभारंभ, रात्रि में भजन संध्या ने बांधा समां
संवाददाता: आई एम खान
बिसौली। क्षेत्र के बालाजी बलदेवधाम गुदनी में श्री हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव श्री ललितेश्वरानंद महाराज के सानिध्य में भव्य धार्मिक आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल बाबा के अलौकिक श्रृंगार के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया गया। आगे चलकर बजरंग बाण और हनुमानाष्टक का सामूहिक पाठ कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।
दिनभर भंडारे का आयोजन चलता रहा, जिसमें दूर-दराज से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रात्रि में आयोजित भजन संध्या ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रामपुर से आए भजन गायक श्याम सखा और राजेश गौड़ ने अपने सुमधुर भजनों से पूरे धाम को भक्तिरस में डुबो दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए।
इस अवसर पर संजीव गौड़, सुशील उपाध्याय, कौशल गुप्ता, मुकेश शर्मा, अनिल यादव, किशन यादव, मोहित उपाध्याय, सीटू उपाध्याय सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat