विधायक को सौंपा ज्ञापन; परिणाम के साथ अंकपत्र और 2000 अतिरिक्त पद बढ़ाने की उठी मांग
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक (UPSI) भर्ती 2025 के लिखित परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों की मांग तेज हो गई है। अभ्यर्थियों ने बोर्ड अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन सहसवान विधायक ब्रजेश यादव को सौंपकर परिणाम के साथ ही स्कोरकार्ड/अंकपत्र जारी करने की मांग उठाई है। साथ ही 2000 अतिरिक्त पद बढ़ाने की भी मांग की गई है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पूर्व की भर्तियों में केवल सफल उम्मीदवारों की सूची जारी की जाती रही है, जिससे असफल अभ्यर्थियों को अपने प्राप्त अंकों की जानकारी नहीं मिल पाती। इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं और अभ्यर्थी यह नहीं जान पाते कि वे कितने अंकों से पीछे रह गए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि UPSI भर्ती 2025 के लिखित परीक्षा परिणाम घोषित करते समय दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षा (PST) प्रक्रिया के दौरान ही सभी अभ्यर्थियों—चाहे वे सफल हों या असफल—के स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही नॉर्मलाइज्ड मार्क्स और विषयवार अंक भी सार्वजनिक किए जाएं, जिससे पारदर्शिता बढ़े और अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत हो।
अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई है कि बोर्ड उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और परिणाम के साथ विस्तृत अंकपत्र जारी कर राहत प्रदान करेगा।
इस मौके पर नरेश यादव, अवनेश यादव, गुड्डू यादव, सुभाष, सर्वेंद्र, आदित्य, तिलकराज सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat