नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सोनू वर्मा का स्वागत, नेताओं ने जातिवाद खत्म कर एकजुट होने का दिया संदेश
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। विश्व हिंदू रक्षा परिषद द्वारा स्थानीय पवन बैंकट हॉल में सम्मान समारोह एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदू समाज को संगठित करने को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष (पश्चिम संभाग) सोनू वर्मा का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, प्रदेश युवा अध्यक्ष व्यापार मंडल नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ एवं अधिवक्ता दिवाकर वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश मंत्री व्यापार मंडल अवधेश वर्मा ने की, जबकि संचालन बरेली से आई सोनम सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदुओं को संगठित करने के लिए जातिगत बंधनों को तोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मंदिरों का जीर्णोद्धार तेजी से हो रहा है और सनातन धर्म ने हर परिस्थिति में अपना अस्तित्व बनाए रखा है।
प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ ने कहा कि सनातन धर्म आज पूरे विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने संगठन से आह्वान किया कि वंचित और निर्बल वर्ग के हिंदुओं को संरक्षण देकर उनके उत्थान के लिए कार्य किया जाए।
अधिवक्ता दिवाकर वर्मा ने कहा कि समाज में फैले जातिवाद को समाप्त कर जागरूकता फैलाना आवश्यक है, तभी धर्म का वास्तविक उत्थान संभव होगा।
विशिष्ट अतिथि व्यापारी नेता सर्वेश गुप्ता ने कहा कि समाज को जागरूक करने के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए और जरूरतमंदों की सहायता कर उनका मनोबल बढ़ाया जाना चाहिए।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष (पश्चिम संभाग) सोनू वर्मा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार किया जाएगा।
अंत में अध्यक्षीय संबोधन में अवधेश वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म विश्व स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है, जिसका उदाहरण अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्माण है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat