Breaking News

स्काउट गाइड प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन की दी जानकारी, प्रशिक्षुओं ने किया जिला कारागार भ्रमण

Spread the love

तीसरे दिन बीएड छात्रों को आपात स्थितियों से निपटने के सिखाए गुर, जेल व्यवस्था को करीब से जाना

संवाददाता: गोविंद देवल

बदायूं। नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास पीजी कॉलेज में भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में चल रहे स्पेशल इंट्रोडक्टरी कोर्स के तीसरे दिन बीएड प्रशिक्षुओं को आपदा प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग दी गई। स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित सत्र में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान खुद को सुरक्षित रखने और दूसरों की मदद करने के तरीके सिखाए गए।
मुख्य अतिथि स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने स्काउट ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने शिष्यों को सही दिशा देकर उन्हें उच्च लक्ष्य तक पहुंचाते हैं।
जिला आयुक्त रोवर प्रो. मनवीर सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, साहस और विवेक के बल पर जीवन में सफलता हासिल करें। वहीं पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने प्रशिक्षुओं को अपनी क्षमता पहचानने और उसे सही दिशा में उपयोग करने की प्रेरणा दी।
प्रशिक्षण शिविर में बीएड प्रशिक्षुओं को बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, तूफान और युद्ध जैसी परिस्थितियों में बचाव और राहत कार्य के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। इसके बाद प्रशिक्षुओं ने जिला कारागार का शैक्षिक भ्रमण किया।
जेलर कुंवर रणंजय सिंह, जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार और डिप्टी जेलर शिवांगी के नेतृत्व में प्रशिक्षुओं को कारागार के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान हवालात कक्ष, पाकशाला, ओपन जिम, विशेष सुरक्षा कक्ष, किशोर कक्ष और पुस्तकालय आदि दिखाए गए। साथ ही कैदियों के रहन-सहन और महिला बंदियों के कला कौशल की जानकारी भी दी गई।
इस मौके पर नंदराम शाक्य, राधिका सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

डॉ. मदन मोहन लाल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात

Spread the loveराज्य में ‘संगीत नाटक अकादमी’ स्थापित करने का सौंपा प्रस्ताव बदायूँ। संगीत की …

error: Content is protected !!