दिव्य ज्योति, छप्पन भोग और भजनों ने बांधा समा, देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
संवाददाता: गोविंद देवल

बिल्सी। नगर की श्री बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य बजरंगबली जागरण मंगलवार की रात श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। तहसील रोड स्थित सिटी कॉम्प्लेक्स परिसर में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण जयकारों व भजनों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। परम पूज्य महंत ओमप्रकाश योगीजी (मेहंदीपुर बालाजी, राजस्थान) के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने दिव्य दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त किया। इस दौरान दिव्य ज्योति, छप्पन भोग और फूलों से सजे दरबार ने सभी का मन मोह लिया।
जागरण में भजन गायिका खुशी किंकर (कानपुर) और भजन गायक संजू पागल (हरिद्वार) ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के अंत में विधिवत आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। समिति की ओर से सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष चंद्रसैन माहेश्वरी, चौधरी दिनेश चंद्र वाष्र्णेय, अवधेश लड्डा, अरुण तोमर, शरद जैन, वीपी सिंह, कुलदीप वाष्र्णेय, कौशल तोमर, अनुराग माहेश्वरी, गोपाल वाष्र्णेय, रंजीत वाष्र्णेय, सचिन असावा, लवकुमार वाष्र्णेय, सुमित लड्डा, तेजप्रताप सिंह, डॉ. अमित माहेश्वरी, मनोज कश्यप, कृष्ण कहैंया, लोकेश नागर सहित समिति के सभी पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
Budaun Amarprabhat