तीन जगह नकब लगाकर लाखों के जेवर-नकदी पार; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता: गोविंद देवल, संभल
संभल। थाना धनारी क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच एक और बड़ी नकबजनी की वारदात सामने आई है। ग्राम उधरनपुर अजमतनगर में अज्ञात चोरों ने एक घर की दीवार में तीन स्थानों पर नकब लगाकर अंदर घुसते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रणवीर सिंह के घर बीती रात चोर जंगल की ओर से पहुंचे और घर के पीछे की दीवार को तीन जगह तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखी अलमारियों और लॉकर के ताले तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर दोनों बहुओं के जेवरात, करीब एक लाख रुपये की नकदी, पीतल की कुठिया और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। बताया गया कि नकदी घर के मुख्य फाटक और दरवाजा निर्माण के लिए रखी गई थी।
सुबह जब परिजन जागे तो घर का सामान बिखरा मिला और दीवार में बड़े-बड़े नकब देख उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई।
घटना की सूचना पर थाना धनारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं और रात में पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
Budaun Amarprabhat