अंतरजनपदीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला-पुरुष वर्ग में कड़े मुकाबले, बदायूं के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित अंतरजनपदीय भारोत्तोलन, योगा एवं पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। महिला और पुरुष वर्ग में हुए मुकाबलों में विभिन्न जनपदों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में राजीव कुमार (एनआईएस भारोत्तोलन), रामदास यादव (एनआईएस), ज्योति सक्सेना (जिला व्यायाम शिक्षिका), सुरेंद्र कुमार सिंह (जिला योग प्रभारी, पतंजलि), दिलीप जोशी (स्टार हेल्थ क्लब कोच) सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह द्वारा किया गया।
महिला वेट लिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन
48 किलोग्राम भार वर्ग में बदायूं की नेहा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मुरादाबाद की प्रिया दूसरे स्थान पर रहीं। 58 किलोग्राम वर्ग में शाहजहांपुर की लता प्रथम और बदायूं की सपना द्वितीय स्थान पर रहीं। 77 किलोग्राम वर्ग में बदायूं की अनामिका ने प्रथम तथा रामपुर की किरण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पावर लिफ्टिंग महिला वर्ग में मुकाबले
52 किलोग्राम वर्ग में बदायूं की निकिता प्रथम और बरेली की रेनू द्वितीय रहीं। 63 किलोग्राम वर्ग में बरेली की गुटकन भाटी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अमरोहा की मीनू दूसरे स्थान पर रहीं। 69 किलोग्राम वर्ग में बदायूं की प्रतिभा प्रथम और बरेली की अर्चना द्वितीय रहीं। 84 किलोग्राम वर्ग में बरेली की मीनाक्षी प्रथम और बदायूं की निशा द्वितीय स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग में भी दिखा जोश
65 किलोग्राम वर्ग में रामपुर के जितेंद्र ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बदायूं के कोमेश दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 110 किलोग्राम वर्ग में बदायूं के प्रिंस सिवाच ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुरादाबाद के राहुल आनंद द्वितीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन को सराहा गया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से प्रतिभाओं को मंच मिलता है और खेल भावना को बढ़ावा मिलता है।
Budaun Amarprabhat