आसफपुर में दोपहर को मचा हड़कंप, किसानों ने जान जोखिम में डालकर आग पर पाया काबू
आसफपुर (बदायूं)।
कस्बा आसफपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली का तार टूटकर खेतों में गिर पड़ा और देखते ही देखते कई किसानों की खड़ी गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में लपटें दूर-दूर तक फैल गईं।
आग बुझाने के लिए आसपास के किसान तुरंत मौके पर पहुंच गए और जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान जरीफ पुत्र नसीर, इसरार पुत्र नन्हुकी, सौदान सिंह पुत्र प्रेम सिंह, महबूब पुत्र शहजादे समेत कई किसानों ने मिलकर बमुश्किल आग को फैलने से रोका।
लेकिन आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। किसान आले हसन पुत्र मेहदी हसन आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं किसानों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
Budaun Amarprabhat