शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी में प्रगति रिपोर्ट से लेकर अनुशासन तक हुआ विश्लेषण, मोबाइल के ज्यादा इस्तेमाल पर भी चिंता
बिल्सी। संवाददाता: गोविंद देवल
नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें P.G. से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और उनके समग्र विकास पर गहन चर्चा करना रहा।
बैठक के दौरान विषय अध्यापकों ने प्रत्येक छात्र के प्रदर्शन, समय प्रबंधन, उपस्थिति, अनुशासन और कक्षा में सहभागिता पर विस्तार से जानकारी दी। अभिभावकों को बताया गया कि उनके बच्चे किन विषयों में अच्छा कर रहे हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं और अतिरिक्त अभ्यास की भी जानकारी दी गई।
शिक्षकों ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए नियमित पढ़ाई, समयबद्ध अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। वहीं विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से घर पर सकारात्मक माहौल बनाने और बच्चों के मोबाइल व डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग पर नियंत्रण रखने की अपील की।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय और निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय प्रबंधन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर माहौल देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि यदि शिक्षक और अभिभावक मिलकर कार्य करें तो बच्चों का शैक्षिक और अनुशासनात्मक विकास और मजबूत हो सकता है। उन्होंने ऐसी संगोष्ठियों को बच्चों के समग्र विकास के लिए उपयोगी बताया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अभिभावकों ने भी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इस पहल को बेहद उपयोगी बताया।
Budaun Amarprabhat