राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। दड़ियाल क्षेत्र के गांव खानडी खेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कक्षा में सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ दिखाई दिया। सांप को देखते ही छात्र-छात्राओं और अध्यापकों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अध्यापकों ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और सांप को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई।
सूचना पर खुशहालपुर वन नर्सरी से वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य शकील अहमद और हरिश्चंद्र ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे पिपली वन क्षेत्र में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गए।
सांप के पकड़े जाने के बाद विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद कुछ समय के लिए स्कूल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण बना रहा।
Budaun Amarprabhat