राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। नगर के काशीपुर मार्ग स्थित डंपिंग ग्राउंड में शनिवार को अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कूड़े के ढेर में लगी आग से उठते घने धुएं ने मोहल्लेवासियों का जीना मुश्किल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपिंग ग्राउंड में पड़े कूड़े-कचरे में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगी। दिनभर आग रुक-रुक कर सुलगती रही, जिससे लगातार धुआं उठता रहा और आसपास का वातावरण प्रदूषित हो गया।
धुएं के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने घरों में ही रहने को मजबूर होना पड़ा। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने और धुएं से राहत दिलाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियां उत्पन्न हो सकती हैं।
Budaun Amarprabhat