संवाददाता: गोविंद देवल
कलेक्ट्रेट सभागार में लाइव प्रसारण के साथ हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
बदायूं, 05 मई। जनपद में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गोरखपुर के बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह से मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, जिलाधिकारी अवनीश राय और मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, उसावां की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि जगत की छात्राओं ने स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया।
मानदेय बढ़ोतरी को बताया ऐतिहासिक कदम
मुख्य अतिथि विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया है, जो उनके योगदान का सम्मान है। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।
विधायक हरीश शाक्य ने शिक्षामित्रों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं और उन्हें आदर्श नागरिक बनाने में योगदान दें।
अधिकारियों ने बढ़ाया मनोबल
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि बढ़ा हुआ मानदेय शिक्षामित्रों का मनोबल बढ़ाने में सहायक होगा। वहीं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा की रीढ़ बताते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की अपील की।
अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एआरपी कामिनी राठौर ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक पीसी श्रीवास्तव, जितेन्द्र सिंह, कृष्ण कुमार प्रजापति, कमलेश कुमार, रोहित कुमार व ज्योति सक्सैना सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat