Breaking News

अपराधियों पर सख्ती, महिला सुरक्षा पर फोकस: एसएसपी अंकिता शर्मा ने थानाध्यक्षों को दिए कड़े निर्देश

Spread the love

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइंस सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था और लंबित विवेचनाओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि लुटेरे, चोर, टॉप-10 अपराधी, हिस्ट्रीशीटर और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जाए। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने अपहृत महिलाओं और बच्चों की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने तथा महिला संबंधी मुकदमों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो टीम और शक्ति दीदी द्वारा गांवों, मोहल्लों, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि “सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।”

बैठक में ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0 के तहत सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, ऑपरेशन कन्विक्शन के जरिए अपराधियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने, ऑपरेशन दहन के तहत एनडीपीएस मामलों में माल निस्तारण तथा ई-सम्मन और लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा अवैध शराब, जुआ-सट्टा, अवैध शस्त्र निर्माण और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

गीत गुलमोहर’ में गूँजेंगे प्रेम, प्रकृति और कविता के स्वर

Spread the love‘ बदायूं। साहित्य और संस्कृति के विविध पक्षों को समर्पित संस्था आचमन फाउंडेशन …