ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग
संवाददाता : गोविंद देवल
संभल। शहर स्थित विवान अस्पताल में मंगलवार को केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री के विरोध में बैठक आयोजित कर मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांग रखी। इस दौरान केमिस्ट साथियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की तथा “केमिस्ट एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केमिस्ट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष राहिल भारतीय ने कहा कि 20 मई को सभी केमिस्ट साथी अपने-अपने मेडिकल स्टोर पूर्व की तरह खोलकर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि दवाइयां आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत आती हैं, इसलिए संगठन कानून का उल्लंघन नहीं करना चाहता और न ही आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी देना चाहता है।
उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवाइयों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए कहा कि इससे छोटे व्यापारियों के साथ-साथ मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी मानकों पर भी असर पड़ रहा है।
एसोसिएशन के महामंत्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि केमिस्ट साथियों के हितों के साथ-साथ जनता और मरीजों के हितों का ध्यान रखना भी संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी साथियों ने सर्वसम्मति से इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने का निर्णय लिया है।
Budaun Amarprabhat