मदर एथीना स्कूल के त्रिदिवसीय शिविर का रंगारंग समापन, विजेता दल हुए सम्मानित
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। मदर एथीना स्कूल में आयोजित त्रिदिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह के साथ समापन हो गया। शिविर में बच्चों ने तंबुओं का आकर्षक शहर बसाकर अपनी रचनात्मकता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य पवित्रा यादव ने स्काउट ध्वज फहराकर किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी अद्भुत क्षमताओं को पहचानें और अपनी ऊर्जा को सृजनात्मक कार्यों में लगाकर महान लक्ष्य प्राप्त करें।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि यदि चिंतन, चरित्र और आचरण पवित्र हो तो व्यक्ति और राष्ट्र दोनों का मस्तक ऊंचा होता है। श्रेष्ठ संस्कारों से युवा हर चुनौती को सफलता में बदलने की क्षमता रखता है।
शिक्षिका कविता रस्तोगी और कोमल पाठक ने संयुक्त रूप से कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए तथा अपनी शक्ति और सामर्थ्य को राष्ट्रहित में लगाना चाहिए। उन्होंने शिविर का निरीक्षण भी किया।
शिविर के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रानी लक्ष्मी बाई, भारत माता, गार्गी कंपनी तथा महाराणा प्रताप और सरदार भगत सिंह टोली को सम्मानित किया गया। इस दौरान गाइड कैप्टन ज्योति सक्सेना, शिक्षिका भावना, माधुरी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat